आंध्र प्रदेश में भयंकर सड़क हादसा, खाई में बस गिरने से 7 की मौत, 45 घायल
Transport Accident In Chittoor: तिरुपति के एसपी के मुताबिक ये हादसा तिरुपति से 25 किलोमीटर दूर बकरापेटा में हुआ. कहा जा रहा है कि ड्राइवर की लापरवाही से बस के खाई गिर जाने से ये हादसा हुआ.
चित्तूर. आंध्र प्रदेश के चित्तूर ज़िले में कल रात भयंकर सड़क हादसा (Transport Accident In Chittoor) हुआ. बस के खाई में गिरने से 7 लोगों की मौत हो गई जबकि 45 यात्री घायल हो गए. कहा जा रहा है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है. तिरुपति के एसपी के मुताबिक ये हादसा तिरुपति से 25 किलोमीटर दूर बकरापेटा में हुआ. कहा जा रहा है कि ड्राइवर की लापरवाही से बस के खाई में गिर जाने से ये हादसा हुआ. घायलों को पास के अस्पताल में ले जाया गया है.
पुलिस और दमकल विभाग के कर्मियों ने बचाव अभियान शनिवार रात से ही शुरू कर दिया था. हालांकि, अंधेरे से ऑपरेशन में बाधा आई. कहा जा रहा है कि ये खाई 50 फीट गहरी है. ऑपरेशन सुबह भी जारी रहा.
शादी में जा रही थी बस
अंग्रेजी वेबसाइट इंडिया टूडे के मुताबिक इस बस पर बराती सवार थे. ये प्राइवेट बस अनंतपुर जिले के धर्मावरम से चित्तूर के नगरी जा रही थी. जब ये हादसा हुआ तब ये बस बस घाट रोड से होते हुए आदुपुताप्पी घाटी की तरफ जा रही थी.
रस्सियों की मदद से बाहर निकाला
तिरुपति नगर पुलिस अधीक्षक सीएच वी अप्पला नायडू और पुलिस कर्मियों की एक टीम मौके पर पहुंची और घायलों को रस्सियों की मदद से बाहर निकाला और उन्हें तिरुपति के आरयूआईए अस्पताल में भर्ती कराया. बाद में शवों को दुर्घटनास्थल से बाहर निकाला गया.
मदद का ऐलान
आंध्र प्रदेश सरकार ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है. मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी, तेलुगु देशम पार्टी के अध्यक्ष एन चंद्रबाबू नायडू और अन्य ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है.
चार की हालत नाजुक
कहा जा रहा है कि बस फुटपाथ से जा टकराई और बकरापटेट घाट के पास घाटी में फिसल गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत बचाव कार्य में जुट गई. घायलों को तुरंत तिरुपति के आरयूआईए अस्पताल ले जाया गया. जिनमें से चार की हालत नाजुक है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है.

Comments
Post a Comment